Pages

4/07/2026

नारी कोई भीख नहीं

नारी कोई भीख नहीं

न ही मर्द कोई पात्र है

जिसमें उसे उठाकर उंडेला जाता है  

जिसे उलट-पुलट कर देखा जाता है

उसके तन की खुशबू का

मूल्य आँका जाता है

खरीदा जाता है, इस्तेमाल किया जाता है...!

तद पश्चात उसे 

तोड़ मरोड़ कर यूं फेंका जाता है

जैसे कोई कूड़ा करकट फेंकता है...!

अब अवस्था बदलनी चाहिए   

अब वे हाथ कट जाने चाहिए

जो औरत को

अपना माल समझकर

आदान-प्रदान की तिजारती रस्में

निभाने की मनमानी करते हैं

यह भूल जाते हैं---

वह जिंदा है, सांस ले रही है,

आग उगल सकती है.... 

नहीं! सोच भी कैसे सकते हैं?

वे, जो अपने ही स्वार्थ की इच्छा के

सड़े गले बीहड़ में वास करते आ रहे हैं

गंद दुर्गंध उनकी सांसों में

मांसभक्षी प्रवृती व्यापित करती है

वही तो हैं, जो उसके 

तन को गोश्त समझकर

दबोचते, चबाते, निगलते स्वाद लेते हैं

भूल जाते हैं कि

कभी वह गले में 

फांस बनकर अटक भी सकती है...!


No comments: